चंडीगढ़ , जुलाई 04 -- पंजाब प्रदेश आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने शनिवार को कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य को गैंगस्टर और नशामुक्त बनाने के लिए लगातार सख्त अभियान चला रही है।
श्री धालीवाल ने आज यहां संवददाताओं से बातचीत में दावा किया कि सरकार के 'गैंगस्टरों ते वार' और 'युद्ध नशों विरुद्ध' अभियान के तहत अब तक 43,127 गैंगस्टरों और 71,538 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि 'गैंगस्टरों ते वार' अभियान 164वें दिन में प्रवेश कर चुका है और इसके सकारात्मक परिणाम पूरे पंजाब में दिखाई दे रहे हैं। इस अभियान के दौरान पंजाब पुलिस ने सतर्कता के साथ कार्रवाई करते हुए अब तक 43,127 गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ जनकल्याण के अपने वादों को भी पूरा कर रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने जनता से किए गए पांचों प्रमुख वादे पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि 'सम्मान योजना' के तहत महिलाओं के खातों में 1,000 और 1,500 रुपये की राशि भी भेजी जानी शुरू हो गयी है। उन्होंने कहा कि राज्य की सुरक्षा और युवाओं का भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पंजाब पुलिस पूरी मुस्तैदी और साहस के साथ काम कर रही है और गैंगस्टरवाद तथा नशे के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म होने तक अभियान जारी रहेगा।
नशा विरोधी अभियान की जानकारी देते हुए श्री धालीवाल ने कहा कि 'युद्ध नशों विरुद्ध' अभियान के 489वें दिन पंजाब पुलिस ने 2.1 किलोग्राम हेरोइन बरामद की और 187 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत अब तक कुल 71,538 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
श्री धालीवाल ने अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि पंजाब की शांति भंग करने या युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार राज्य को पूरी तरह गैंगस्टर और नशामुक्त बनाने तक कठोर कार्रवाई जारी रखेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित