चंडीगढ़ , जनवरी 31 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्य प्रवक्ता एवं हलका अजनाला से विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने शनिवार को शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी और अन्य अकाली नेताओं द्वारा गैंगस्टरों के परिवारों के समारोहों में शामिल होने पर तीखे सवाल उठाये हैं।
उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सरकार गैंगस्टरवाद और ड्रग माफिया के खिलाफ बड़ी जंग लड़ रही है, वहीं अकाली दल गैंगस्टरों से संबंध बना रहा है।
विधायक धालीवाल ने अमृतसर में अमृतपाल सिंह बाठ की बहन की शादी समारोह में सुखबीर सिंह बादल, विरसा सिंह वलटोहा, गनीव कौर मजीठिया, रविंदर सिंह ब्रह्मपुरा और शिरोमणि कमेटी अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी के शामिल होने वाली तस्वीरें दिखाते हुए कहा कि ये तस्वीरें अकाली दल बादल की नीयतों और प्राथमिकताओं पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने कहा कि जहां मान सरकार गैंगस्टर खत्म करना चाहती है, वहीं अकाली दल गैंगस्टरों को पाल रहा है और उनके परिवारों से संबंध बना रहा है।
आप नेता ने कहा कि पहले अकाली दल ने पंजाब के नौजवानों को आतंकवाद की भट्ठी में झोंका था। उसी तरह आज अकाली दल पंजाब के नौजवानों को गैंगस्टर बनाकर अपनी कुर्सी की लालसा पूरी करना चाहता है। उन्होंने कहा कि जहां कांग्रेस उस काले दौर के लिए जिम्मेदार थी वहीं अकाली दल भी बराबर का जिम्मेदार था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित