चंडीगढ़ , फरवरी 25 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने बुधवार को कहा कि जिस तरह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी अब राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को सुधारने के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिख रहे हैं, उससे यह स्पष्ट हो गया है कि अब राज्य की गंभीर स्थिति को केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के सशक्त नेतृत्व में भाजपा ही सुधार सकती है।
भाजपा अध्यक्ष ने मीडिया कर्मियों से बातचीत में कहा कि पंजाब को ऐसे मजबूत नेतृत्व की आवश्यकता है, जो फैसले लेने और उन्हें लागू करने का साहस रखता हो। कानून-व्यवस्था पर तभी काबू पाया जा सकता है, लोगों को सुरक्षित माहौल मिल सकता है और राज्य को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह काम केवल भाजपा ही कर सकती है।
श्री जाखड़ ने कहा कि गैर-जिम्मेदार और अपरिपक्व आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के कारण राज्य में नार्को-आतंकवाद अब गैंगस्टर नार्को-आतंकवादमें बदल चुका है। गैंगस्टर युवकों को कथित चमक-दमक और ग्लैमरस जीवन के सपने दिखाकर अपने साथ जोड़ लेते हैं, ये युवक आगे चलकर आतंकवादी संगठनों के लिए आसानी से इस्तेमाल होने वाला 'तोप का चारा' बन जाते हैं और राज्य में आतंक फैलाते हैं।
इस स्थिति के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान की अक्षमता को जिम्मेदार ठहराते हुए श्री जाखड़ ने कहा कि राज्य का इंटेलिजेंस नेटवर्क पूरी तरह विफल हो गया है और पुलिस अब घटनाओं के बाद तथाकथित मुठभेड़ करके केवल दिखावटी कार्रवाई और जन आक्रोश को शांत करने तक सीमित रह गयी है। उन्होंने कहा कि हाल के समय में ही पंजाब में हैंड-ग्रेनेड हमलों की लगभग 20 घटनायें हो चुकी हैं। यह बढ़ते गैंगस्टरों, नशे और आतंकवाद के गठजोड़ का परिणाम है, लेकिन राज्य सरकार इससे निपटने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। पहले पंजाब एके-47 के आतंक से जूझता रहा और अब हैंड-ग्रेनेड राज्य के लिए रोज की बात हो गयी है। इस भय और दहशत का सबसे अधिक असर आम पंजाबी पर पड़ रहा है, जो हर समय जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहता है। जनता की सुरक्षा में तैनात करने के बजाय पुलिस कर्मियों को आप नेताओं के प्री-वेडिंग वीडियोग्राफी शूट में लगाया जा रहा है।
श्री जाखड़ ने कहा कि मोगा की रैली में मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक का भाषण देना और बाद में उसे सरकारी कार्यक्रम बताना पूरी तरह हास्यास्पद है। उन्होंने उस दिन मुख्यमंत्री के ट्वीट को मीडिया को दिखाते हुए कहा कि श्री मान ने स्वयं उस रैली को आप की रैली बताया था। फिर राज्य के शीर्ष सिविल और पुलिस अधिकारी किस हैसियत से उस रैली में बोले?भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इस समय विपक्षी दल कांग्रेस पूरी तरह श्री मान के सामने आत्मसमर्पण कर चुकी है और उसका कोई भी नेता आवाज उठाने का साहस नहीं दिखा रहा। ऐसे में उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों को ही अपने राज्य को बचाने के लिए आगे आने का संकल्प लेना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित