श्रीगंगानगर , मई 25 -- राजस्थान में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद की समय सीमा बढ़ाने एवं धान मंडी प्रांगण में पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर श्रीगंगानगर में सोमवार को कांग्रेस सांसद कुलदीप इंदौरा को अनाज व्यापारियों की सबसे प्रमुख संस्था दी गंगानगर ट्रेडर्स एसोसिएशन ने ज्ञापन सौंपा।
एसोसिएशन अध्यक्ष भूपेन्द्र आहूजा ने बताया कि ज्ञापन में किसानों और व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से रखते हुए कहा गया है कि खरीद की धीमी गति, बारदाने की कमी और निर्धारित समय सीमा के कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में मांग की गई कि समर्थन मूल्य पर खरीद की अवधि बढ़ाई जाए और मंडी में पर्याप्त बारदाना उपलब्ध करवाया जाए ताकि किसानों को अपनी उपज औने-पौने दामों में बेचने के लिए मजबूर न होना पड़े।
उल्लेखनीय है कि सरकार इस बार 30 मई तक ही गेहूं की समर्थन मूल्य पर खरीद करेगी जबकि पूर्व में अंतिम तिथि 30 जून हुआ करती थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित