भोपाल , अप्रैल 1 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने गेहूं उपार्जन में कथित अव्यवस्था, बारदाने की कमी और समर्थन मूल्य से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है।
श्री पटवारी ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि राज्य में गेहूं खरीदी के बड़े लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर किसानों को बारदाने की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसान अपनी उपज लेकर मंडियों में परेशान हो रहे हैं और पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं होने से उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के बीच समन्वय के अभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। साथ ही उन्होंने समर्थन मूल्य को लेकर पूर्व में किए गए वादों का भी उल्लेख करते हुए सरकार पर किसानों के साथ वादाखिलाफी का आरोप लगाया।
पत्र में केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। श्री पटवारी ने कहा कि कृषि मंत्री के गृह राज्य में ही किसानों को बारदाने के लिए परेशान होना पड़ रहा है, जो चिंताजनक स्थिति है।
उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया है कि केंद्र और राज्य के बीच समन्वय स्थापित कर प्रदेश की मंडियों में गेहूं खरीदी के लिए पर्याप्त बारदाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे भोपाल स्थित केंद्रीय कृषि मंत्री के निवास के समक्ष उपवास पर बैठेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित