पटना, मार्च 17 -- अभियोजन निदेशालय (गृह विभाग) में अभियोजन पदाधिकारियों का "महिला सुरक्षा" विषय पर तृतीय चरण में पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में अभियोजन निदेशालय, गृह विभाग, द्वारा राज्य के विभिन्न जिलों से नामित 25 अभियोजन पदाधिकारियों ने भाग लिया। उक्त कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मनोज कुमार सिन्हा, पूर्व महानिबंधक, पटना उच्च न्यायालय, पटना थे।
डा. रविकान्त देव, उपनिदेशक, अभियोजन निदेशालय, बिहार द्वारा कार्यक्रम की अध्यक्षता की गयी।
श्री देव द्वारा इस पाँच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तृत रूप से चर्चा करते हुए प्रतिभागियों को अपनी कार्यशैली को सृदढ़ बनाते हुए महिला के परिप्रेक्ष्य में कार्य करने का अनुरोध किया गया, जिससे महिलाओं को वर्तमान विधियों के अन्तर्गत त्वरित न्याय प्रदान कराया जा सके।
श्री नित्यानन्द कुमार, उप निदेशक (विधि), अभियोजन निदेशालय, गृह विभाग, बिहार ने अपने संबोधन में विधि एवं चिकित्सा के क्षेत्र में सीखने की प्रक्रिया सतत् चलने की बात बताई। सभी अभियोजन पदाधिकारी प्रशिक्षण कार्यक्रम में दिये जानेवाले प्रशिक्षण का लाभ लें एवं इसका उपयोग बिहार अभियोजन सेवा का नाम आगे बढ़ाने में करें।
मुख्य अतिथि मनोज कुमार सिन्हा ने कहा कि भारत सरकार द्वारा निर्भया फंड के माध्यम से "महिला सुरक्षा" विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में द्विपक्षीय संवाद होना चाहिए जिससे प्रतिभागी अधिक से अधिक लाभ उठा सकें। उन्होनें कहा कि प्रत्येक अभियोजक को अनुसंधानकर्ता द्वारा समर्पित किये जाने वाले आरोप पत्र की सूक्ष्म समीक्षा की जानी चाहिए, जिससे पीड़िता का पक्ष न्यायालय में मजबूती से रखा जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित