कोल्हापुर , जून 20 -- केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के कोल्हापुर के दो दिवसीय दौरे के मद्देनजर एहतियात के तौर पर पड़ोसी सांगली जिले में पुलिस ने शेतकारी संगठन के नेता रघुनाथदादा पाटिल और शक्तिपीठ महामार्ग विरोधी संघर्ष समिति के अध्यक्ष दिगंबर कांबले को गुरुवार से नजरबंद कर रखा है।

श्री शाह के इस दौरे के दौरान कोई आंदोलन या अन्य आपत्तिजनक गतिविधियां न हों, यह सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अलर्ट पर है। इसी पृष्ठभूमि में श्री पाटिल को नजरबंद किया गया है।

श्री पाटिल ने घोषणा की थी कि किसान अपनी विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर आंदोलन करेंगे। श्री कांबले नागपुर-गोवा शक्तिपीठ एक्सप्रेसवे के विरोध में श्री शाह को एक ज्ञापन सौंपने की योजना बना रहे थे। उन्होंने श्री शाह से मिलने के समय के लिए पुलिस से अनुरोध किया था।

एहतियात के तौर पर सांगली जिला पुलिस ने श्री पाटिल और श्री कांबले, दोनों को उनके आवासों में नजरबंद कर लिया।

श्री पाटिल अपनी नजरबंदी पर कहा, "पुलिस ने श्री शाह के दौरे के दौरान किसानों के मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन होने के डर से यह कार्रवाई की है।"श्री कांबले ने कहा, "हम शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने जा रहे थे। शक्तिपीठ महामार्ग का कड़ा विरोध करने के बावजूद राज्य के मुख्यमंत्री ने हमारे विरोध पर ध्यान नहीं दिया।"किसानों ने नागपुर-गोवा शक्तिपीठ महामार्ग के विरोध में श्री शाह को एक ज्ञापन सौंपने की योजना बनाई थी। इसके लिए महामार्ग से प्रभावित किसानों की संघर्ष समिति ने पुलिस को एक ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने अनुरोध किया था कि श्री शाह से मिलने का समय दिया जाए। इसी पृष्ठभूमि में, कवठेमहांकाल पुलिस ने उन्हें शुक्रवार सुबह ही हिरासत में ले लिया और पूरे दिन पुलिस स्टेशन में बिठाए रखा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित