नयी दिल्ली , जुलाई 30 -- युवा कांग्रेस ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजधानी में विरोध प्रदर्शन किया।

संगठन के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में केरल हाउस से जंतर-मंतर तक मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

इस मौके पर श्री चिब ने आरोप लगाया कि छात्रों पर पेलेट गन और घातक बल के इस्तेमाल को लेकर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह को लोकसभा में आकर यह स्पष्ट करना चाहिए कि छात्रों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश किसने दिया। उनका कहना था कि यदि यह कार्रवाई गृह मंत्री के निर्देश पर हुई है तो इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए और यदि उनकी जानकारी के बिना हुई है तो यह देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस छात्रों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान का हवाला देते हुए कहा कि छात्रों पर कार्रवाई करने वालों को सजा मिलनी चाहिए और निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

युवा कांग्रेस ने प्रधानमंत्री से अमित शाह को तत्काल बर्खास्त करने, मामले की शीर्ष अदालत की निगरानी में स्वतंत्र उच्चस्तरीय जांच कराने और नैतिक जिम्मेदारी तय करने की मांग की। प्रदर्शन में संगठन के कई राष्ट्रीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित