पटना , अप्रैल 20 -- राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जनगणना-2027 की स्व-गणना प्रक्रिया के तहत अपना पंजीकरण सोमवार को पूरा किया और कहा कि गृहमंत्री को यह स्पस्ट करना चाहिए कि वह जातीय जनगणना के विषय पर क्या इरादा रखते हैं।
श्री यादव ने कहा कि जातीय जनगणना पर संसद में अपनी बात कहते समय देश के गृहमंत्री अमित शाह को इस बात का ख्याल रखना चाहिए कि वर्ण-व्यवस्था में बँटे भारतीय समाज में जाति के नाम पर मकान ही नहीं बल्कि मोहल्ले टोले, इलाके और संपूर्ण गांव भी होते है। देश के अधिकांश राज्यों में असंख्य गांवों के नाम ही जातिसूचक है।
राजद नेता ने कहा कि गृह मंत्री को यूपी-बिहार एवं समाजवादी धारा के क्षेत्रीय दलों और उनके नेताओं को बदनाम करने से पहले देश की राजधानी दिल्ली का दौरा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली में ग्रेड-ए इलाकों या सबसे संभ्रांत आवासीय कॉलोनियों के विशालकाय महलनुमा कोठी-बंगलों के नेम प्लेट जाती सूचक दिख जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार की जानकारी श्री शाह को होनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित