दुर्ग , जुलाई 29 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर में आज गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और गुरुजनों के सम्मान का संदेश देते हुए गूगल बॉय रुद्र शर्मा ने 'एक पेड़ गुरु के नाम' अभियान की शुरुआत की।

इस अभियान के तहत उन्होंने विभिन्न शासकीय विद्यालयों में पहुंचकर प्राचार्यों और शिक्षकों को फलदार पौधे भेंट किए और इन्हें स्कूल परिसर में रोपित करने का आग्रह किया।

रुद्र शर्मा ने जे.आर.डी. स्कूल, नेशनल स्कूल, महर्षि दयानंद स्कूल सहित कई विद्यालयों में पहुंचकर गुरुजनों को पौधे भेंट किए। उन्होंने कहा कि गुरु हमारे जीवन को दिशा देने का कार्य करते हैं, ऐसे में उनके सम्मान में लगाया गया एक पौधा पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अपने गुरु के नाम एक पौधा जरूर लगाएं और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएं। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे सुरक्षित रखना और बड़ा करना भी हमारा कर्तव्य है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी विद्यालय के 500 विद्यार्थी एक-एक पौधा लगाते हैं तो एक दिन में 500 पौधे लगाए जा सकते हैं। छत्तीसगढ़ के सभी सरकारी स्कूल इस अभियान से जुड़ें तो प्रदेश बड़े पैमाने पर पौधरोपण कर विश्व रिकॉर्ड बनाने की दिशा में आगे बढ़ सकता है।

रुद्र शर्मा ने कहा कि शिक्षक दिवस पांच सितंबर तक यदि यह अभियान लगातार चलता रहा तो स्कूल परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में हरियाली का नया स्वरूप देखने को मिलेगा।

उन्होंने गुरु पूर्णिमा पर शुरू किए गए इस अभियान के माध्यम से गुरु सम्मान और पर्यावरण संरक्षण को जोड़ते हुए प्रदेशवासियों को एक सकारात्मक संदेश दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित