जालंधर , सितंबर 25 -- पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने शुक्रवार को श्री सिद्ध बाबा सोढल मंदिर में माथा टेककर पंजाब की तरक्की और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। उन्होंने ऐतिहासिक गुरुद्वारा सोढल छावनी निहंग सिंहां मेंभी माथा टेककर सर्वजन के कल्याण की अरदास की।
इस अवसर पर कटारिया ने कहा कि श्री सिद्ध बाबा सोढल मंदिर देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में रहने वाले लाखों श्रद्धालुओंकी आस्था का केंद्र है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां बाबा जी का आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि उन्हें इस पवित्र स्थल के दर्शन का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। उन्होंने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए लोगों से आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से एकजुट होकर पंजाब को विकास की नयी ऊंचाइयों तक ले जाने में योगदान देने की अपील की।इससे पहले राज्यपाल ने श्री सिद्ध बाबा सोढल मेले के पहले दिन आयोजित हवन यज्ञ में भी श्रद्धापूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर श्री सिद्ध बाबा सोढल ट्रस्ट के अध्यक्ष शीतल विज, जालंधर के मेयर विनीत धीर, जिला योजना समिति के अध्यक्ष अमृतपाल सिंह, उप महापौर मलकीत सिंह, अभिषेक विज, ट्रस्ट के महासचिव तरसेम कपूर, कोषाध्यक्ष सुरेश चड्ढा और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित