चंडीगढ़ , सितंबर 01 -- नेपाल में आयी भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए पंजाब रेडक्रॉस ने मंगलवार को राहत सामग्री से लदे तीन ट्रक नेपाल रेडक्रॉस के लिए रवाना किये। पंजाब के राज्यपाल एवं पंजाब रेडक्रॉस के अध्यक्ष गुलाब चंद कटारिया ने पंजाब लोक भवन, चंडीगढ़ सेइन ट्रकों को झंडी दिखाकर रवाना किया।

पहली खेप में रेडी-टू-ईट खाद्य सामग्री, राशन, कपड़े तथा अन्य जरूरी राहत सामग्री भेजी गयी है। इस खेप की अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये से अधिक है।

इस अवसर पर श्री कटारिया ने कहा कि पंजाब रेडक्रॉस और पंजाब की जनता नेपाल के बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ पूरी एकजुटता से खड़ी है। उन्होंने कहा कि नेपाल भारत का करीबी मित्र और पड़ोसी देश है तथा संकट की इस घड़ी में वहां के लोगों की सहायता करना मानवीय जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि पंजाब रेडक्रॉस ने नेपाल रेडक्रॉस के साथ समन्वय स्थापित किया है और वहां राहत कार्यों के लिए आवश्यक सामग्री की जानकारी लगातार प्राप्त की जा रही है। नेपाल से प्राप्त जरूरतों की संशोधित सूची के आधार पर राहत सामग्री की अगली खेप भेजी जाएगी।

राज्यपाल ने कहा कि मौजूदा राहत सामग्री के अलावा पंजाब रेडक्रॉस नेपाल के लिए करीब 80 लाख से एक करोड़ रुपये तक की कुल राहत सहायता उपलब्ध कराने की योजना बना रहा है। यह सहायता वास्तविक जरूरतों और नेपाल रेडक्रॉस की मांग के अनुसार चरणबद्ध तरीके से दी जाएगी। श्री कटारिया ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय समाज के सभी वर्गों, संस्थाओं और संगठनों को प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने बताया कि कई संस्थाओं और लोगों नेभी राहत कार्यों में योगदान देने के लिए पंजाब रेडक्रॉस से संपर्क किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब रेडक्रॉस राष्ट्रीय मुख्यालय और नेपाल रेडक्रॉस के लगातार संपर्क में है, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तत्काल आवश्यक सामग्री प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध करायी जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित