वाराणसी , अक्टूबर 23 -- गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना के शौर्य और पराक्रम का प्रदर्शन हो रहा है, तो काशी के शिल्पकार अपनी कला के जरिए देशप्रेम और सैन्य शक्ति के प्रति सम्मान को नई पहचान दे रहे हैं। वाराणसी में आयोजित 'विंग्स ओवर गंगा' एयर शो से प्रेरित होकर राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त गुलाबी मीनाकारी शिल्पकार कुंज बिहारी सिंह ने लड़ाकू विमान की अनूठी कलाकृति तैयार की है। वह इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेंट करना चाहते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 अक्टूबर को दौरा प्रस्तावित हैं। कुंज बिहारी सिंह ने बताया कि इस कलाकृति को तैयार करने में करीब एक माह लगा और इसमें लगभग 400 ग्राम चांदी का इस्तेमाल किया गया है। गुलाबी मीनाकारी की बारीक कारीगरी से सजी यह कलाकृति काशी की पारंपरिक कला और आधुनिक भारत की सैन्य शक्ति के संगम को प्रदर्शित करती है।

उन्होंने बताया कि फाइटर प्लेन की तस्वीर कुछ ग्राहकों को भेजने के बाद उन्हें करीब 100 कलाकृतियों के ऑर्डर मिले हैं। इनमें कैलिफोर्निया और ऑस्ट्रेलिया से मिली मांग भी शामिल है। अलग-अलग आकारों में इस उत्पाद को तैयार करने की मांग से पारंपरिक हस्तशिल्प के लिए नए बाजार खुलने की उम्मीद है।

शिल्पकार इससे पहले ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ब्रह्मोस मिसाइल की अनुकृति भी गुलाबी मीनाकारी से बना चुके हैं, जिसे देश-विदेश में सराहना मिली थी। सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार के जीआई और एक जिला, एक उत्पाद (ओडीओपी) से जुड़े प्रयासों, प्रशिक्षण, टूल किट और बेहतर पैकेजिंग की सुविधाओं से गुलाबी मीनाकारी को प्रोत्साहन मिला है। इससे युवाओं की इस पारंपरिक कला के प्रति रुचि बढ़ रही है और कारीगरों के लिए रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित