गुलमर्ग (जम्मू और कश्मीर) , फरवरी 26 -- केन्द्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने गुरुवार को कहा कि यहां होने वाला अगला 'खेलो इंडिया शीतकालीन खेल' 15 दिनों का होगा।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गुलमर्ग में विंटर गेम्स के भविष्य के संस्करणों को 15 दिवसीय एकीकृत खेल आयोजन के रूप में विस्तार दिया जाएगा, जिसमें खेलों को पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ जोड़ा जाएगा।

आज यहां छठे खेलो इंडिया शीतकालीन गेम्स के गोल्फ कोर्स में आयोजित समापन समारोह में उन्होंने कहा, "अब विंटर गेम्स केवल चार दिनों तक सीमित नहीं रहेंगे। पर्यटन को साथ जोड़कर हम 15 दिनों के विंटर गेम्स का आयोजन करेंगे, जिसमें फिट इंडिया कार्निवल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और कई प्रतियोगिताएं शामिल होंगी। कश्मीर की धरती में अपार क्षमता है, आने वाले समय में गुलमर्ग शीतकालीन खेलों का वैश्विक केंद्र होगा।"डॉ. मांडविया ने इस बात पर जोर दिया कि खेलों में समाज को एकजुट करने, खेल भावना को बढ़ावा देने, सद्भाव पैदा करने और विकास को गति देने की शक्ति है। जम्मू-कश्मीर में खेलो इंडिया केंद्रों के एथलीटों और कोचों के साथ अपनी बातचीत का जिक्र करते हुए उन्होंने क्षेत्र से उभरती शानदार खेल भावना की सराहना की।

गुलमर्ग को "विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल" बनाने और खेल-संस्कृति-पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डॉ. मांडविया ने कहा कि इस क्षेत्र की क्षमता का पूरी तरह से दोहन करने की आवश्यकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित