पौड़ी , जून 09 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढवाल जिले के कोट ब्लॉक के खाण्ड्यूसैण देवार क्षेत्र स्थित वाड़ी गांव में मंगलवार को गुलदार के हमले में एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने और प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब 55 वर्षीय महिला आज अपने पशुओं के लिए घास लेने घर से लगभग 200 मीटर दूर खेतों की ओर गई थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया और उसे घसीटते हुए पास स्थित एक खंडहरनुमा मकान तक ले गया।
काफी देर तक महिला के घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान महिला का शव गांव के ऊपर स्थित एक खंडरनुमा मकान के समीप बरामद हुआ। ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार जंगल की ओर भाग गया।
प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार गुलदार ने महिला के शव को बुरी तरह क्षत-विक्षत कर दिया था। घटना की सूचना मिलते ही गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भय और आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की सक्रियता बनी हुई है लेकिन वन विभाग की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाये गये हैं।
सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और अकेले जंगल या खेतों की ओर नहीं जाने की अपील की है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने अथवा उसे आदमखोर घोषित कर आवश्यक कार्रवाई करने, क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और मृतका के परिजनों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। घटना के बाद वाड़ी गांव और आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित