मोहाली , सितंबर 24 -- पंजाब में नशे के मुद्दे और गुलजार सिंह मामले में न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को वरिष्ठ नेता एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू के नेतृत्व में मोहाली स्थित एसएसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
श्री सिद्धू ने कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि नशा तस्करी के नेटवर्क पर कार्रवाई करने के बजाय आवाज उठाने वालों को दबाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने संगरूरके शेरों गांव के मोहनजीत सिंह से संबंधित मामले का उल्लेख करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषी पाये जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
गुलजार सिंह मामले का उल्लेख करते हुए श्री सिद्धू ने कहा कि उनकी मृत्यु से पहले सामने आये एक वीडियो में उन्होंने वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा से संबंधित गंभीर आरोप लगाये थे। उन्होंने कहा कि इन आरोपों की सच्चाई का फैसला जांच एजेंसियों और अदालत को करना है, लेकिन मामले की समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए। यदि जांच में किसी की जिम्मेदारी सामने आती है तो कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
श्री सिद्धू ने राज्य सरकार की 'युद्ध नशों के विरुद्ध' मुहिम पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि केवल प्रचार और अभियानों से नशे की समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने नशे की आपूर्ति श्रृंखला, तस्करी नेटवर्क और बड़े तस्करों के खिलाफ ठोस कार्रवाई तथा नशे से प्रभावित युवाओं के उपचार एवं पुनर्वास की मांग की। उन्होंने भाजपा की 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि नशे की आपूर्ति के स्रोतों और देश में आने वाले मार्गों पर केंद्र तथा राज्य सरकारों को मिलकर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई किसी एक दल या सरकार की नहीं, बल्कि केंद्र और राज्य दोनों की साझा जिम्मेदारी है।
श्री सिद्धू ने कहा कि कांग्रेस नशे के मुद्दे पर किसी भी सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग करती रहेगी और गुलजार सिंह के परिवार को न्याय, नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा तथा युवाओं के भविष्य के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस समिति मोहाली के अध्यक्ष कमल किशोर शर्मा ने प्रदर्शन में शामिल नेताओं और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि लोगों के अधिकारों और न्याय की लड़ाई में कांग्रेस एकजुट होकर अपनी आवाज उठाती रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित