चंडीगढ़ , अक्टूबर 21 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने बुधवार को कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मानसा में परविंदर सिंह झोटा के परिवार से किया वादा निभाते हुए मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दी है।

उन्होंने कहा कि सीबीआई की टीम मंगलवार देर रात मानसा पहुंची और जांच शुरू कर दी।

श्री ढिल्लों ने कहा कि श्री शाह ने मंगलवार को झोटा के परिवार से मुलाकात के दौरान मामले की सीबीआई जांच का आश्वासन दिया था। उन्होंने उम्मीद जताई कि एजेंसी निष्पक्ष जांच कर जल्द दोषियों को कानून के कटघरे में लाएगी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पंजाब सरकार से गुलजार सिंह और बिक्रमजीत सिंह से जुड़े मामलों की जांच भी सीबीआई को सौंपने की मांग की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र एजेंसी से जांच होने पर संबंधित परिवारों को न्याय मिलने में मदद मिलेगी। ढिल्लों ने विश्वास जताया कि श्री शाह द्वारा 31 दिसंबर, 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने का संकल्प पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर राज्य को इस समस्या से मुक्त किया जाना चाहिए। उन्होंने झोटा के परिवार और संघर्ष समिति की मांगों का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान से इस्तीफा देने की मांग की।

श्री ढिल्लों ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार शासन, नशे पर अंकुश लगाने और राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने सहित कई मोर्चों पर विफल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित