अमृतसर , अक्टूबर 20 -- शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने मंगलवार को चौथे गुरु श्री गुरु रामदास जी के 27 अक्टूबर को मनाए जाने वाले प्रकाश पर्व के कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए सोमवार को श्री दरबार साहिब के आसपास के दुकानदारों को निमंत्रण पत्र और लड्डुओं का प्रसाद वितरित किया।
इस अवसर पर अरदास के बाद एसजीपीसी के मुख्य सचिव कुलवंत सिंह मन्नण, सदस्य भाई राजिंदर सिंह मेहता, बावा सिंह गुमानपुरा और श्री दरबार साहिब के महाप्रबंधक मेजर सिंह ने दुकानदारों को निमंत्रण दिया।
श्री मन्नण ने कहा कि श्री गुरु रामदास जी ने अमृतसर नगर की स्थापना के समय विभिन्न व्यवसायों में दक्ष लोगों को यहां बसाया था। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब द्वारा बसाए गए शहर का निवासी होना सौभाग्य की बात है और नगर के संस्थापक गुरु साहिब के प्रकाश पर्व पर श्रद्धा और सम्मान अर्पित करना सभी का साझा कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 25 और 26 अक्टूबर को गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब दीवान हॉल में राग दरबार और पड़ताल शब्द गायन कीर्तन दरबार आयोजित किया जाएगा। 26 अक्टूबर को सुबह 10 बजे श्री अकाल तख्त साहिब से नगर कीर्तन सजाया जाएगा, जो शहर के ऐतिहासिक दरवाजों से होकर वापस श्री अकाल तख्त साहिब पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि 27 अक्टूबर को प्रकाश पर्व के दिन पूरे दिन धार्मिक कार्यक्रम होंगे और विशेष जलौ सजाए जाएंगे। शाम को दीपमाला और आतिशबाजी भी की जाएगी।
श्री मन्नण ने शहरवासियों से अपील की कि वे प्रकाश पर्व को यादगार बनाने के लिए अपने घरों और कारोबारी प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई करें तथा दीपमाला से शहर को सजाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित