मोहाली , जुलाई 07 -- ) पंजाब के मोहाली में गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर उनके जीवन-दर्शन, शिक्षाओं और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पंजाब सरकार की विशेष डॉक्यूमेंट्री वैन का शुभारंभ सोमवार को हलका मोहाली के गांव झुझार नगर से विधायक कुलवंत सिंह ने किया।

इस अवसर पर विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार गुरु रविदास जी के समानता, सद्भाव, सत्य, श्रम और मानवता के संदेश को हर घर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस विशेष डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से विशेषकर युवाओं को गुरु साहिब के जीवन और आदर्शों से प्रेरणा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि डॉक्यूमेंट्री वैन में 12x8 फुट की आधुनिक एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जिस पर लगभग 30 मिनट की डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी। इसमें गुरु रविदास जी के जीवन, शिक्षाओं और समाज सुधार में उनके योगदान को सरल एवं प्रेरक ढंग से प्रस्तुत किया गया है।

विधायक ने बताया कि यह वैन प्रतिदिन हलका मोहाली के दो गांवों में पहुंचकर डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन करेगी। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पहल का लाभ उठाने और गुरु रविदास जी के उपदेशों से प्रेरणा लेने की अपील की।

पहले दिन झुझार नगर और बड़ माजरा में डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया, जहां बड़ी संख्या में संगत और स्थानीय लोगों ने फिल्म देखी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित