फगवाड़ा , अगस्त 29 -- होशियारपुर से सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने शनिवार को बाबा गढ़िया स्टेडियम में एक सितंबर को आयोजित होने वाले भव्य ड्रोन शो की तैयारियों का जायजा लिया। यह कार्यक्रम श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित समारोहों के तहत आयोजित किया जा रहा है।
इस अवसर पर उपायुक्त आकाश बंसल, एसएसपी गौरव तूरा, एडीसी रणदीप सिंह हीर, एसडीएम डॉ. नवजोत शर्मा सहित सिविल और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
डॉ. चब्बेवाल ने उपायुक्त और एसएसपी के साथ संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम की सफलता के लिए व्यापक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और कार्यक्रम को सुचारू, सुरक्षित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया।
सांसद ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में राज्यभर में 92 ड्रोन शो आयोजित किए जा रहे हैं। इनका पहला शो एक सितंबर को फगवाड़ा में होगा। सैकड़ों ड्रोन की मदद से आकाश में श्री गुरु रविदास जी के जीवन, शिक्षाओं और दर्शन को आकर्षक प्रस्तुति के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को लोगों की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु और दर्शक बिना किसी परेशानी के आराम से ड्रोन शो देख सकें, इसके लिए विशेष ध्यान दिया जाए।
उपायुक्त आकाश बंसल और एसएसपी गौरव तूरा ने सांसद को भरोसा दिलाया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएंगी तथा सिविल और पुलिस प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित