चंडीगढ़/मोहाली/लालड़ू , अगस्त 01 -- संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा वाराणसी स्थित गुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से निकाली गई 'समरसता संकल्प अभियान' कलश यात्रा का शनिवार को लालड़ू में पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धापूर्वक स्वागत किया।

इस अवसर पर केवल सिंह ढिल्लों ने गुरु रविदास जी की जन्मभूमि से लाई गई पवित्र मिट्टी के कलश को अपने सिर पर रखकर श्रद्धा व्यक्त की और यात्रा को पंजाब के विभिन्न जिलों के लिए रवाना किया।

श्री ढिल्लों ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु रविदास जी की जन्मभूमि की पवित्र मिट्टी का पंजाब पहुंचना ऐतिहासिक और भावुक क्षण है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी द्वारा दिया गया 'बेगमपुरा' का संदेश समानता, सामाजिक न्याय और भेदभाव रहित समाज की स्थापना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास' का मंत्र भी इसी विचारधारा से प्रेरित है।

श्री ढिल्लों ने कहा कि केंद्र सरकार ने वाराणसी में गुरु रविदास जी की जन्मस्थली का पुनर्विकास कराया है, जहां भव्य लंगर हॉल, संग्रहालय और प्रतिमा स्थापित की गई है। उन्होंने कहा कि आदमपुर हवाई अड्डे का नाम गुरु रविदास जी के नाम पर रखा गया, संत निरंजन दास को पद्मश्री से सम्मानित किया गया तथा जालंधर से वाराणसी के बीच विशेष एक्सप्रेस ट्रेन भी शुरू की गई। उन्होंने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब में गुरु रविदास जी की वाणी को स्थान देकर गुरु साहिबानों ने पंजाब और गुरु रविदास जी के बीच आध्यात्मिक संबंध को और मजबूत किया है।

पंजाब भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा से माघ पूर्णिमा तक चलने वाला यह अभियान गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को घर-घर तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संत समाज, धार्मिक संस्थाओं, युवाओं और महिलाओं को साथ जोड़कर इस अभियान को जन आंदोलन और सेवा मिशन का रूप देने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित