बैतूल , जुलाई 27 -- मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में गुरु पूर्णिमा से 20 फरवरी 2027 तक चलने वाले 'समरसता संकल्प अभियान' की तैयारियां तेज कर दी हैं। अभियान के तहत सामाजिक समरसता, सेवा और सामाजिक न्याय के संदेश को घर-घर पहुंचाने के लिए सोमवार को बैतूल में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार ने कहा कि अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के जीवन दर्शन और सामाजिक समरसता के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार करना है। उन्होंने बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रत्येक मंडल में कम से कम 10 स्थानों पर 'समरसता दीपोत्सव' आयोजित कर अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। इसके लिए मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने कहा कि संत रविदास ने जन्म के बजाय कर्म को व्यक्ति की पहचान का आधार माना। उन्होंने सामाजिक समरसता को समय की आवश्यकता बताते हुए कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

अभियान के जिला संयोजक डॉ. महेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि राष्ट्रव्यापी अभियान विभिन्न चरणों में संचालित होगा। इसके तहत संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों और प्रबुद्धजनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

सह संयोजक कांतिलाल यादव ने बताया कि अभियान के पहले चरण में कलश वंदन, दूसरे चरण में संत संपर्क, तीसरे चरण में समरसता यात्रा तथा चौथे चरण में छात्रावास संपर्क अभियान चलाया जाएगा। सह संयोजक जगदीश पंवार ने बताया कि 29 जुलाई को मंदिरों में समरसता दीप अभियान, 10 सितंबर तक कलश वंदन कार्यक्रम तथा 26 नवंबर से समरसता संवाद के तहत विद्यार्थियों और युवाओं की सहभागिता वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यशाला में विधायक चंद्रशेखर देशमुख, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पंवार, उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, जिला महामंत्री कृष्णा गायकी सहित पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ता मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित