वाराणसी , जुलाई 25 -- संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास मंदिर में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस बीच, 29 जुलाई को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संत रविदास मंदिर पहुंचकर मत्था टेकने तथा तैयारियों का जायजा लेने की संभावना है।
श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम ने व्यापक तैयारियां की हैं। महापौर अशोक कुमार तिवारी के निर्देश पर मंदिर परिसर तथा आसपास के प्रमुख मार्गों पर विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। नगर निगम के अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। श्रद्धालुओं को त्वरित नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम ने विशेष क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) का गठन किया है।
यह टीम सीर गोवर्धनपुर क्षेत्र तथा श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों पर 24 घंटे सक्रिय रहेगी। साफ-सफाई, सीवर ओवरफ्लो, पेयजल आपूर्ति और स्ट्रीट लाइट से संबंधित किसी भी समस्या की सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर उसका निस्तारण करेगी।
आयोजन के दौरान सीर गोवर्धनपुर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाएं बनाए रखने के लिए नगर निगम के अधिकारी मौके पर कैंप करेंगे। नगर निगम का उद्देश्य है कि संत रविदास महाराज की जन्मस्थली पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को काशी में स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित