चंडीगढ़ , जुलाई 28 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व वर्ष के उपलक्ष्य में बुधवार (गुरु पूर्णिमा) से पूरे प्रदेश में 'समरसता संकल्प अभियान' शुरू करने की घोषणा की है। यह अभियान 20 फरवरी 2027 (माघ पूर्णिमा) तक चलेगा, जिसके तहत सामाजिक समरसता, समानता, सम्मान और सामाजिक न्याय का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने मंगलवार को बताया कि यह राष्ट्रव्यापी अभियान भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत कल 'श्री गुरु रविदास महाराज समरसता दीप महोत्सव' से होगी। इस दौरान पंजाब के गुरु रविदास मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे तथा भजन-कीर्तन, धार्मिक प्रवचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामुदायिक लंगर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 29 जुलाई से 10 सितंबर तक 'श्री गुरु रविदास महाराज कलश वंदन अभियान' चलाया जाएगा। इसके तहत वाराणसी स्थित गुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी से भरे कलश का पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में सम्मानपूर्वक स्वागत किया जाएगा और बाद में उसे गुरु रविदास मंदिरों को समर्पित किया जाएगा।

श्री ढिल्लों ने कहा कि 29 जुलाई से 31 अगस्त तक 'संत संपर्क अभियान' के अंतर्गत भाजपा के नेता और कार्यकर्ता गुरु रविदास परंपरा से जुड़े संतों का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इसके बाद पांच अक्टूबर से पांच नवंबर तक 'श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा' निकाली जाएगी, जो जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां से वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर तक जाएगी और सामाजिक समरसता, समानता तथा राष्ट्रीय एकता का संदेश देगी। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर से 15 जनवरी 2027 तक 'श्री गुरु रविदास महाराज छात्रावास संपर्क अभियान' चलाया जाएगा। इसके तहत छात्रावासों में समरसता संवाद कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को गुरु रविदास जी की शिक्षाओं और विकसित भारत की अवधारणा से परिचित कराया जाएगा।

अभियान के प्रभावी संचालन के लिए पंजाब भाजपा ने राज्य स्तरीय समिति का गठन किया है। समिति के संयोजक भाजपा के प्रदेश महासचिव एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. जगमोहन सिंह राजू बनाए गए हैं। समिति में पूर्व विधायक अविनाश चंद्र, शीतल अंगुराल, रवि इंदर काहलों, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एस.आर. लाधड़, रेणु कश्यप और भानु प्रताप को सदस्य बनाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित