मिर्जापुर , जुलाई 28 -- उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में बुधवार को गुरु पूर्णिमा पर्व के अवसर पर विंध्य क्षेत्र के विभिन्न आश्रमों में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर लेने का दावा किया है। प्रमुख आश्रमों में सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार विंध्य क्षेत्र में अनेक आश्रम हैं, जिनमें चुनार स्थित सत्तेशगढ़ के अड़गड़ानंद आश्रम और महुआरी पहाड़ स्थित संत देवरहवा बाबा आश्रम प्रमुख हैं। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने गुरु के दर्शन और पूजन के लिए यहां पहुंचते हैं। इस वर्ष अड़गड़ानंद आश्रम में लगभग 12 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।
भारी भीड़ को देखते हुए अड़गड़ानंद आश्रम में सिविल पुलिस के साथ अर्द्धसैनिक बलों की भी तैनाती की गई है। पुलिस अधीक्षक अर्पणा कौशिक ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को छह जोन और विभिन्न सेक्टरों में विभाजित कर लागू किया गया है। श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए यातायात डायवर्जन लागू किया गया है तथा जगह-जगह बैरियर लगाए गए हैं, ताकि एक साथ अधिक भीड़ आश्रम में प्रवेश न कर सके और भगदड़ जैसी स्थिति से बचा जा सके।
जिलाधिकारी पवन गंगवार ने बताया कि उन्होंने पुलिस अधीक्षक के साथ तीन बार स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की है। उन्होंने कहा कि छह जोन और 10 सेक्टरों में मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है तथा आश्रम परिसर में निर्धारित क्षमता से अधिक श्रद्धालुओं को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा गुरु-शिष्य परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है, जिस पर श्रद्धालु अपने गुरु का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। विंध्य क्षेत्र में अड़गड़ानंद आश्रम, संत देवरहवा बाबा आश्रम, गीता स्वामी आश्रम तथा बूढ़ेनाथ योगानंद गिरी मठ सहित अनेक प्रमुख आश्रमों में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा एवं व्यवस्थागत तैयारियां की हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित