रायगढ़ , जुलाई 29 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को रायगढ़ जिले के प्रवास के दौरान ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ पहुंचकर अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी के दर्शन किए तथा प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने आश्रम के उपासना स्थल पर अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी के प्रिय शिष्य पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी से भेंट कर उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया।

इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी, नगर निगम महापौर, सभापति, भाजपा जिलाध्यक्ष, पूर्व विधायक, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट पिछले लगभग तीन दशकों से आध्यात्मिक साधना के साथ शिक्षा, चिकित्सा, मानव सेवा और सामाजिक संस्कारों के क्षेत्र में कार्यरत है। पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी के मार्गदर्शन में संचालित ट्रस्ट की सेवा गतिविधियां अब देश के विभिन्न राज्यों तक विस्तार पा चुकी हैं। ट्रस्ट जरूरतमंद, बेसहारा एवं वंचित लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ सेवा भावना, संस्कार एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है।

बनोरा स्थित अघोर गुरु आश्रम से लौटने के बाद मुख्यमंत्री साय रायगढ़ के पंडरीपानी स्थित कैलाशपति धाम मनकामेश्वर शिव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान शिव की पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित