भोपाल , जुलाई 29 -- गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मध्यप्रदेश संस्कृति विभाग द्वारा बुधवार को गुरु-शिष्य परंपरा के संरक्षण, संवर्धन और सम्मान के उद्देश्य से सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत शास्त्रीय गायन, कथक नृत्य तथा संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार नई पीढ़ी तक गुरु-शिष्य परंपरा के भारतीय मूल्यों को पहुंचाने के उद्देश्य से अधीनस्थ विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के साथ भोपाल में विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय में शाम 6:30 बजे आयोजित सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ कर्नाटक के युवा शास्त्रीय गायक सिद्धार्थ बेलमन्यू के गायन से होगा। उन्होंने प्रसिद्ध हिंदुस्तानी संगीतकार पी.आर. मंजुनाथ के मार्गदर्शन में संगीत की शिक्षा प्राप्त की है।
कार्यक्रम के समापन में रायगढ़ घराने की कथक नृत्यांगना डॉ. निवेदिता पंड्या (इंदौर) अपने साथी कलाकारों के साथ समूह कथक नृत्य प्रस्तुत करेंगी। इसके साथ ही वह शबरी के गुरु मतंग ऋषि के प्रति समर्पण और प्रभु श्रीराम से उनके मिलन के प्रसंग को नृत्य-नाट्य के माध्यम से प्रस्तुत करेंगी। डॉ. पंड्या कथक की भावप्रधान प्रस्तुति के लिए जानी जाती हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित