बैतूल , जुलाई 29 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक श्रद्धा, भक्ति और गुरु वंदना का उत्साह देखने को मिला। बैतूल शहर के दादा धूनी वाले दरबार और मुर्गी चौक स्थित साईं बाबा मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया।

दादा धूनी वाले दरबार में परंपरा के अनुसार श्रद्धालुओं ने गुरु पूजन, चरण वंदन, भजन-कीर्तन और सत्संग में भाग लिया। परिसर में आयोजित विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। जिले के अलावा छिंदवाड़ा, हरदा, नर्मदापुरम और अमरावती सहित आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु यहां पहुंचे।

मुर्गी चौक स्थित साईं बाबा मंदिर से 25वीं पारंपरिक साईं पालकी एवं निशान यात्रा निकाली गई। विशेष पूजा-अर्चना और आरती के बाद सुसज्जित पालकी शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। यात्रा में महिला, पुरुष, युवा और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने मार्ग में पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। समापन पर मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी गुरु पूर्णिमा पर विद्यालयों में विद्यार्थियों ने गुरुजनों का सम्मान कर उनका पूजन किया। अनेक मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान, भजन, सत्संग और सामूहिक भंडारों का आयोजन हुआ। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने सेवा कार्यों में भी भागीदारी निभाई। इस अवसर पर बैतूल जिले से बड़ी संख्या में श्रद्धालु खंडवा स्थित धूनी वाले दादा दरबार के दर्शन के लिए भी रवाना हुए। दिनभर जिलेभर में धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित