चम्पावत , जुलाई 29 -- गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को चम्पावत जिले के लगभग 75 प्रमुख मंदिरों के पुजारियों और धर्माचार्यों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का शुभकामना संदेश भेंट किया गया।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में सभी पुजारियों और धर्माचार्यों के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि मंदिरों में होने वाली लोककल्याण की प्रार्थनाएं और आध्यात्मिक चेतना पूरे प्रदेश को नई ऊर्जा और सकारात्मक दिशा प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता की सेवा का दायित्व उन्हें ईश्वर की कृपा और संत-महात्माओं के आशीर्वाद से पूर्ण निष्ठा, समर्पण और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
श्री धामी ने कहा कि समाज में नैतिक मूल्यों, शांति, सद्भाव और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण में संतों और पुजारियों का योगदान सदैव अनुकरणीय रहा है। उन्होंने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सभी पुजारियों के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर सानिध्य की कामना करते हुए प्रदेशवासियों के लिए उनके आशीर्वाद और मार्गदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की।
मुख्यमंत्री का शुभकामना संदेश कांतेश्वर मंदिर दुधपोखरा, गोलू देव मंदिर गोरलचौड़, नागनाथ मंदिर, बालेश्वर मंदिर, मां हिंग्लादेवी मंदिर, डिप्टेश्वर मंदिर, ताड़केश्वर मंदिर, कालशन मंदिर, घटकू देवता मंदिर, मल्लाडेश्वर मंदिर, पंचायतन शिव मंदिर, भगवती मंदिर ढकना बड़ोला, झालीमाली मंदिर, सप्तेश्वर मंदिर, शिव मंदिर लधौनधूरा, भूमेश्वर मंदिर, डोडेश्वर मंदिर, भोलेश्वर मंदिर, त्यूंद्रा मंदिर, भागलिंग मंदिर, देवीधार मंदिर, ढेरनाथ मंदिर, मां कढ़ाई मंदिर, मां भगवती मंदिर गलचौड़ा, मां पूर्णागिरि लड़ीधूरा मंदिर, कालचक्र मंदिर, वरदायिनी मंदिर, भूमिया मंदिर, मां वाराही मंदिर देवीधुरा, बालेश्वर धाम, शीला देवी मंदिर, पाताल रूद्रेश्वर मंदिर, ऐड़ी मंदिर, सूर्य मंदिर, मोस्टा मंदिर और झूमाधूरी मंदिर समेत जिले के करीब 75 प्रमुख मंदिरों में पहुंचाया गया।
इस अवसर पर मंदिरों के पुजारियों ने मुख्यमंत्री के शुभकामना संदेश के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रदेश की उन्नति, समृद्धि और जनकल्याण के साथ ही सभी नागरिकों के सुख, शांति एवं मंगलमय जीवन के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित