लखनऊ , जुलाई, 28 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा गुरु पूजन का पवित्र पर्व है। सनातन संस्कृति में ज्ञान प्राप्ति के लिए गुरु-शिष्य की सुदीर्घ एवं गौरवशाली परम्परा रही है। शास्त्रों के अनुसार इस तिथि पर महर्षि वेदव्यास का अवतरण हुआ था, इसलिए गुरु पूर्णिमा को व्यास पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु को भगवान से भी श्रेष्ठ स्थान प्रदान किया गया है। गुरु ही जीवन को ज्ञान, संस्कार और सही दिशा प्रदान करते हैं। गुरु के बिना ज्ञान की प्राप्ति सम्भव नहीं है। गुरु की कृपा और आशीर्वाद से ही व्यक्ति ज्ञान, सफलता, सदाचार तथा आध्यात्मिक उन्नति के पथ पर अग्रसर होता है।

उन्होने कहा कि गुरु पूर्णिमा का यह पावन पर्व भावी पीढ़ी को गुरु के महत्व से परिचित कराने का श्रेष्ठ अवसर है। यह पर्व हमें सद्मार्ग का मार्गदर्शन करने वाले उन गुरुजनों और महापुरुषों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है, जिन्होंने अपने ज्ञान, त्याग, तप और साधना से समाज, राष्ट्र तथा विश्व को नई दिशा प्रदान की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित