भोपाल , अगस्त 09 -- विवेकानन्द केन्द्र कन्याकुमारी, भोपाल महानगर के शक्ति नगर द्वारा रविवार को गुरु पूर्णिमा उत्सव का आयोजन श्रद्धा एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में 64 लोगों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता प्रेम सागर तिवारी, मुख्य अतिथि बी. एम. गुप्ता और अध्यक्षता विभाग संचालक धीरेंद्र भदौरिया ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ तीन ओंकार एवं प्रार्थना के साथ हुआ। इसके पश्चात गीत एवं 'विवेकवाणी' का प्रस्तुतीकरण किया गया।

मुख्य वक्ता श्री तिवारी ने गुरु पूर्णिमा के महत्व तथा भारतीय संस्कृति में गुरु-शिष्य परंपरा की भूमिका पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने गुरु को जीवन का मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि गुरु से प्राप्त ज्ञान और संस्कार व्यक्ति के जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से भारतीय जीवन-मूल्यों, संस्कार, सेवा एवं राष्ट्रभाव को अपने आचरण में उतारने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि श्री गुप्ता ने गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए भारतीय संस्कृति में गुरु के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए सभी को प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विभाग संचालक श्री भदौरिया ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डाला तथा विवेकानन्द केन्द्र के विचारों एवं कार्यों को समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में श्रद्धा एवं कृतज्ञता के भाव से पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात शांति मंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ गुरु पूर्णिमा उत्सव का विधिवत समापन हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में विवेकानन्द केन्द्र, भोपाल महानगर-शक्ति नगर के कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित