अमृतसर , मई 11 -- पंजाब के अमृतसर स्थित गुरु नानक देव विश्वविद्यालय ने एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि हासिल करते हुए प्रतिष्ठित विश्व विश्वविद्यालय नवाचार रैंकिंग (डब्ल्यूयूआरआई) 2026 में 'विश्वविद्यालय ब्रांड और प्रतिष्ठा' श्रेणी में दुनिया भर में 78वां स्थान प्राप्त किया है।

इस उपलब्धि के साथ गुरु नानक देव विश्वविद्यालय विश्व की अग्रणी नवाचारी विश्वविद्यालयों में शामिल हो गया है और एक मजबूत वैश्विक शैक्षणिक पहचान के रूप में स्थापित हुआ है। खास बात यह है कि यह सम्मान पाने वाले भारत के चुनिंदा सार्वजनिक विश्वविद्यालयों में यह भी शामिल है। ये रैंकिंग सात मई 2026 को राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धात्मकता हेतु नीति एवं रणनीति संस्थान और विश्व विश्वविद्यालय नवाचार रैंकिंग के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक संस्थाओं के सहयोग से जारी की गयी थी।

इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कुलपति प्रोफेसर करमजीत सिंह ने सोमवार को कहा कि यह सम्मान विश्वविद्यालय के अध्यापकों, विद्यार्थियों, पूर्व छात्रों, अधिकारियों, कर्मचारियों और सभी हितधारकों की मेहनत, समर्पण और दूरदर्शी प्रयासों का सामूहिक परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज के वैश्विक शैक्षणिक माहौल में मजबूत विश्वविद्यालय प्रतिष्ठा के लिए नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शोध, सामाजिक प्रतिबद्धता, शैक्षणिक उत्कृष्टता और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जरूरी हैं, और विश्वविद्यालय लगातार इन सभी क्षेत्रों में कार्य कर रहा है। कुलपति ने विश्वविद्यालय परिवार, दुनियाभर में बसे पूर्व छात्रों, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कर्मचारियों, मीडिया, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से प्रोफेसर जतिंदर कौर और उनकी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान विश्वविद्यालय को उत्कृष्टता, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की दिशा में और अधिक प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की बढ़ती वैश्विक पहचान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध उत्कृष्टता, उद्यमिता, कौशल विकास और सामाजिक परिवर्तन के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित