अमृतसर , मई 12 -- श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी में मंगलवार को विशेष सेमिनार आयोजित किया गया।

सेमिनार को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मंगलवार को कहा कि युवाओं को गुरु रविदास जी के सपनों के "बेगमपुरा" के निर्माण के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार गुरु रविदास जी द्वारा दिखाए गए समानता और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है।

श्री चीमा ने बताया कि खुरालगढ़ श्री गुरु रविदास मेमोरियल का विस्तार किया जा रहा है, जबकि फरीदपुर गांव में श्री गुरु रविदास बाणी अध्ययन केंद्र भी जल्द स्थापित किया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक ने कहा कि गुरु रविदास जी द्वारा 650 वर्ष पहले दिए गए समान अवसर और बराबरी के संदेश को आज के जीवन में अपनाने की जरूरत है।

विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि गुरु रविदास जी की विचारधारा किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि पूरी दुनिया तक पहुंचनी चाहिए।

कार्यक्रम में पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के सलाहकार दीपक बाली ने बताया कि 650वें प्रकाश पर्व पर राज्यभर में डॉक्यूमेंट्री स्क्रीनिंग, ड्रोन शो और भव्य नगर कीर्तन निकाले जाएंगे। वक्ताओं ने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं आज भी जातिवाद, भेदभाव और सामाजिक असमानता को खत्म करने का मजबूत संदेश देती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित