यमुनानगर , अगस्त 27 -- गुरु नानक खालसा कॉलेज, यमुनानगर में पूर्व प्राचार्य डॉ. हरिंदर सिंह कंग को भारत के राष्ट्रपति द्वारा मानद मेजर पद से अलंकृत किए जाने के उपलक्ष्य में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

समारोह का शुभारंभ एनसीसी कैडेटों द्वारा कमांडिंग ऑफिसर को दिए गए गार्ड ऑफ ऑनर से हुआ। यह गार्ड ऑफ ऑनर डॉ. लेफ्ट जोशप्रीत सिंह और सूबेदार मेजर जसवंत सिंह की देखरेख में दिया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कर्नल पंकज पारीक, कमांडिंग ऑफिसर, कॉलेज के उपाध्यक्ष मेजर राजिंदर सिंह भट्टी, महासचिव सरदार बलवंत सिंह बंगा, प्राचार्य डॉ. अरविंदर सिंह भल्ला, 14 हरियाणा बटालियन एनसीसी के अधिकारी, गुरु नानक खालसा कॉलेज एलुमनी एसोसिएशन के अध्यक्ष व अंतरराष्ट्रीय कवि सरदार गुरदयाल सिंह निमर सहित शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

उपाध्यक्ष मेजर भट्टी ने डॉ. कंग को मानद मेजर पद मिलने पर बधाई दी और उनके समर्पित सेवाकाल, अनुशासन और नेतृत्व की सराहना की।

समारोह का मुख्य आकर्षण पिपिंग समारोह रहा, जिसमें डॉ. हरिंदर सिंह कंग को औपचारिक रूप से मानद मेजर की रैंक प्रदान की गई। यह समारोह पूर्ण सैन्य गरिमा के साथ संपन्न हुआ।

इस अवसर पर डॉ. कंग ने कॉलेज प्रबंधन और सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और कॉलेज के साथ अपने लंबे जुड़ाव को याद किया। मुख्य अतिथि कर्नल पंकज पारीक ने भी उन्हें बधाई देते हुए अनुशासन और सेवा के मूल्यों पर प्रकाश डाला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित