हिसार , मई 3 -- हरियाणा में हिसार के आर्यनगर स्थित गुरु दक्ष औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में आयोजित कार्यकारिणी समिति की बैठक में नए प्रवेश सत्र की तैयारियों और विद्यार्थियों के लिए बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गये।
संस्थान के प्रधान कृष्ण कुमार सिंहमार ने बताया कि आठ मई को देश की अग्रणी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प द्वारा संस्थान में कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित की जाएगी। इस रोजगार मेले के दौरान कंपनी अपने नीमराना (अलवर, राजस्थान) स्थित प्लांट के लिए 100 से अधिक तकनीकी पदों पर आईटीआई पास युवाओं का चयन करेगी।
उन्होंने बताया कि इस चयन प्रक्रिया में 18 से 24 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे और योग्य उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि पिछले ढाई वर्षों में यह पांचवीं बार है जब हीरो मोटोकॉर्प इस संस्थान में प्लेसमेंट के लिए आ रही है।
संस्था के महासचिव संदीप गंगवा ने बताया कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए संस्थान और हीरो मोटोकॉर्प के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर सहमति बन चुकी है। इस समझौते के तहत फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, वायरमैन और ड्राफ्ट्समैन (सिविल) ट्रेड के विद्यार्थियों को सीधे रोजगार के अवसर मिलेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित