रायपुर , मार्च 25 -- छत्तीसगढ़ के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने मंगलवार रात रायपुर जिले के आरंग विकासखंड अंतर्गत चंदखुरी ग्राम में माता कौशल्या महोत्सव 2026 का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर श्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि भगवान श्रीराम हम सबके आराध्य हैं और छत्तीसगढ़ सरकार उनके बताए मार्ग पर चल रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आयोजित यह महोत्सव महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। ''महतारी वंदन योजना'' के तहत 25वीं किस्त जारी कर महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में अयोध्या में भगवान श्रीराम के जन्मस्थान पर भव्य मंदिर का निर्माण हुआ है। साथ ही राज्य सरकार की ''रामलला दर्शन योजना'' के तहत अब तक 42 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर दर्शन कर चुके हैं।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अंत्योदय की भावना के साथ अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है तथा किसानों और महिलाओं के हित में निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने नवा रायपुर में फिल्म सिटी और मेडि सिटी सहित विभिन्न विकास कार्यों के तेजी से किए जाने की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य ने कहा कि महोत्सव के अंतर्गत महिलाओं द्वारा संचालित स्टॉल लगाए गए हैं, जो स्वरोजगार को बढ़ावा देने में सहायक हैं। इस दौरान मानस मंडली एवं सुप्रसिद्ध कलाकार श्रीमती पूनम विराट तिवारी को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्षा मोना सेन, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, एसडीएम अभिलाषा पैंकरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित