चंडीगढ़ , जुलाई 22 -- हरियाणा के गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने शीतला माता रोड पर जलभराव की समस्या से निपटने के लिए जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने और बाढ़ नियंत्रण कार्यों में तेजी ला दी है। इसके तहत नालियों की सफाई, गाद निकालने, नई सड़क नालियां बनाने और अवैध सीवर कनेक्शनों को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

जीएमडीए के सीईओ पी.सी. मीना ने बताया कि शीतला माता मंदिर से भगत सिंह चौक की ओर जाने वाली करीब 900 मीटर लंबी नाली की पूरी तरह सफाई कर उसे दोबारा चालू कर दिया गया है। इस नाली को मुख्य वर्षा जल निकासी नेटवर्क से जोड़ दिया गया है, जिससे बारिश के पानी की निकासी पहले की तुलना में अधिक तेज और प्रभावी होगी।

उन्होंने बताया कि मंदिर की ओर जाने वाली सड़क के दूसरी ओर स्थित मुख्य नाली से भी गाद और मलबा हटाकर उसे बहाल किया गया है। साथ ही, चिन्हित स्थानों पर नई सड़क नालियां बनाई जा रही हैं, ताकि वर्षा जल सीधे ड्रेनेज सिस्टम में पहुंच सके और जलभराव की स्थिति कम हो।

अतुल कटारिया चौक से शीतला माता मंदिर तक लगभग 800 मीटर क्षेत्र में भी जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। इस दौरान राजीव नगर और आसपास की कॉलोनियों से जुड़े अवैध सीवर कनेक्शनों को हटाया जा रहा है, जिससे बरसाती नालों में गंदे पानी का प्रवाह रोका जा सके और उनकी जल वहन क्षमता बढ़ाई जा सके।

मानसून के दौरान तत्काल राहत के लिए शीतला माता रोड पर दो ट्रैक्टर-माउंटेड पंप भी तैनात किए गए हैं, ताकि जमा वर्षा जल को तेजी से निकाला जा सके। जीएमडीए का कहना है कि शेष मरम्मत कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जा रहे हैं, जिससे इस प्रमुख मार्ग पर जलभराव की समस्या में काफी कमी आने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित