गुरुग्राम , मार्च 20 -- हरियाणा के गुरुग्राम में स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की झूठी धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक बंगलादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को गुजरात से पकड़कर गुरुग्राम लाया गया। वह पिछले नौ साल से भारत में फर्जी दस्तावेजों के सहारे रह रहा था।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान सौरभ विश्वास उर्फ माइकल (30) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बंगलादेश का रहने वाला है। फिलहाल वह पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के श्रीपल्ली बाजार, गोविंदपल्ली में रह रहा था। उसने 12वीं तक पढ़ाई की है।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने 28 जनवरी को गुरुग्राम के कई स्कूलों को बम होने की झूठी ई-मेल भेजी थी। इसके बदले उसे 250 क्रिप्टो करेंसी मिले थे। पूछताछ में पता चला कि वह शुरुआत में मारुति कंपनी में मजदूरी करता था, लेकिन पिछले पांच साल से डिजिटल मार्केटिंग और ग्राफिक्स का फ्रीलांस काम कर रहा था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी एक फेसबुक ग्रुप के जरिए मामुनूर राशिद नाम के व्यक्ति के संपर्क में आया था। राशिद ने उससे जीमेल आईडी मांगी और बदले में क्रिप्टो करेंसी देने का लालच दिया। आरोपी ने करीब 300 जीमेल आईडी उपलब्ध करवाईं, जिनमें से एक का इस्तेमाल धमकी भरे ई-मेल भेजने में किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित