चंडीगढ़ , अक्टूबर 02 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में नागरिकों की शिकायतों पर लिए गए फीडबैक के आधार पर अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए दो क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारियों को निलंबित करने के निर्देश दिए। मामला बिल्डर द्वारा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का उचित संचालन नहीं किए जाने से संबंधित शिकायत का है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या गलत रिपोर्टिंग किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गुरुग्राम में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शहर के भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकास योजनाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता, सड़क, यातायात, पेयजल, पार्क, हरित क्षेत्र और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली से गुरुग्राम में कूड़ा लाने वाले वाहनों को इंपाउंड करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर लीगेसी वेस्ट का निस्तारण फरवरी 2027 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सीएंडडी वेस्ट के प्रभावी प्रबंधन के लिए संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर उसे एसीआर से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए।
सिटी बस सेवा के रूट की समीक्षा कर औद्योगिक क्षेत्रों तक बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने को कहा गया। अक्टूबर के अंत तक गुरुग्राम में 40 इलेक्ट्रिक बसें आने की जानकारी बैठक में दी गई। मुख्यमंत्री ने जोनवार रेडी मिक्स कंक्रीट प्लांट के लिए निर्धारित क्षेत्र और वाहनों के लिए रूट मैप तैयार करने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित