चंडीगढ़ , अक्टूबर 07 -- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बुधवार को गुरुग्राम में सेवा संकल्प अभियान के तहत 'विकसित भारत संकल्प ज्योति यात्रा' का शुभारंभ किया और यात्रा की मशाल हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सौंपी और युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने बाद में यह मशाल युवाओं को सौंपते हुए सिग्नेचर टावर के पास स्थापित कराई।

गुरुग्राम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में श्री शाह, मुख्यमंत्री सैनी, जनप्रतिनिधियों और हजारों युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उनके संबोधन को सुना। प्रधानमंत्री ने सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण के साथ विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में जनभागीदारी का आह्वान किया।

सभा को संबोधित करते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में स्वर्णिम और परिवर्तनकारी अध्याय हैं। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में देश और करोड़ों लोगों की निरंतर सेवा की।

श्री शाह ने कहा कि सात अक्टूबर भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में विशेष महत्व रखता है। गरीब परिवार में जन्मे व्यक्ति ने अपनी योग्यता और प्रतिभा के बल पर करोड़ों लोगों को साथ लेकर 25 वर्षों तक मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के ये 25 वर्ष इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखे जाएंगे।

उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश ने गरीबी उन्मूलन, अनुच्छेद 370 के निरसन, नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई, अयोध्या में राम मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम के निर्माण सहित बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार के प्रयासों से 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में सफलता मिली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित