यमुनानगर , अगस्त 23 -- हरियाणा के यमुनानगर जिला कांग्रेस केअध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने गुरुग्राम में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस पदाधिकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों को तत्काल वापस लेने की मांग की है।

श्री सिंह ने रविवार को प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप लगाया।

उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि कांग्रेस पदाधिकारी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष अपनी बात रखने के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान किसी नियम का उल्लंघन नहीं किया गया और पुलिस के साथ भी अभद्रता नहीं की गयी।

उन्होंने पुलिस कार्रवाई को अनुचित बताते हुए कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना नागरिकों का अधिकार है। श्री सिंह ने सरकार पर युवाओं के साथ अन्याय करने का आरोप लगाते हुए दिल्ली के जंतर-मंतर की घटना का भी उल्लेख किया।

उन्होंने मांग की कि गुरुग्राम में कांग्रेस नेताओं और पदाधिकारियों के खिलाफ दर्ज मामले बिना देरी वापस लिए जाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता ऐसे मामलों से डरने वाले नहीं हैं।

युवा कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सोमिल संधू ने भी सरकार पर युवाओं की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि युवाओं के प्रति सरकार का कथित रवैया उसके लिए नुकसानदेह साबित होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित