चंडीगढ़ , जून 01 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में गुरुग्राम में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कुल 16 शिकायतें रखी गईं, जिनमें से 13 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि तीन मामलों को अगली बैठक तक लंबित रखने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी जनता के साथ संवाद बनाए रखें तथा समस्याओं के समाधान के लिए जवाबदेह और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएं।
बैठक के दौरान गुरुग्राम की सड़क व्यवस्था और आधारभूत ढांचे से जुड़ी शिकायतों की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी), लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), नगर निगम और जीएमडीए के अधिकारियों को आपसी समन्वय से सड़क सुधार कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही 'म्हारी सड़क' ऐप पर प्राप्त शिकायतों की नियमित निगरानी और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
राज्य के गुरुग्राम के लक्ष्मण विहार में धोखाधड़ी कर मकान हड़पने की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने तत्काल जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। गुरुग्राम के सेक्टर-4 में जलभराव, पेयजल, सीवरेज और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर विस्तृत सर्वेक्षण कर रिपोर्ट तैयार करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि किसी शिकायत को बंद करने से पहले शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित की जाए, ताकि शिकायत निवारण प्रणाली पर जनता का विश्वास मजबूत हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित