गुरुग्राम , जुलाई 16 -- हरियाणा के गुरुग्राम में गुरुवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर खेड़की दौला टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से जेप्टो के डिलीवरी पार्टनर अनिल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में डिलीवरी राइडर्स मौके पर पहुंच गए। एम्बुलेंस के देर से पहुंचने और पुलिस की कार्रवाई से नाराज राइडर्स ने हाईवे पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने करीब तीन घंटे तक शव को नहीं उठाने दिया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर लगभग चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सुबह के व्यस्त समय में हजारों वाहन जाम में फंस गए और कई इलाकों में होम डिलीवरी सेवाएं भी प्रभावित रहीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अनिल सुबह करीब आठ बजे डिलीवरी के लिए जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गया और डंपर के पहिए के नीचे आ गया।
मृतक अनिल उत्तर प्रदेश के अयोध्या का निवासी था और पिछले दो वर्षों से गुरुग्राम में किराये पर रहकर जेप्टो में डिलीवरी पार्टनर के रूप में कार्य कर रहा था। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे राइडर्स को समझाने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। मामले में फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित