गुरुग्राम , जून 12 -- हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने दावा किया है कि इस मानसून में गुरुग्राम के लोगों को जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष बरसात के दौरान जलभराव वाले 158 स्थानों की पहचान कर वहां व्यापक सुधारात्मक कार्य कराए गए हैं।

राव नरबीर सिंह गुरुग्राम नगर निगम क्षेत्र के गांव मैदावास और धूमसपुर में 16 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास के बाद आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है और जनहित के कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि जलभराव की समस्या से निपटने के लिए ड्रेनेज व्यवस्था को मजबूत किया गया है, नालों की सफाई कराई गई है और अन्य आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए गए हैं। इन प्रयासों से इस वर्ष बारिश के दौरान शहरवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित