मुंबई , अक्टूबर 21 -- िल्म 'तुम मेरे हो' का नया गाना 'विंटर औन वालिये 2.0' रिलीज हो गया है। गुरमीत चौधरी और ईशा मालवीय पर फिल्माए गए इस गाने में शादी के जश्न, मस्ती और जोशीले संगीत का रंग देखने को मिलता है।

रेवा क्रिएटिव हाउस और डेबगुरु फिल्म्स के बैनर तले बने इस गाने को अर्जुना हरजाई ने कंपोज करने के साथ अपनी आवाज भी दी है। उनके साथ ज्योतिका टांगरी ने गायन किया है, जबकि इसके बोल गीत सागर ने लिखे हैं। लोकप्रिय मूल गीत को नए संगीत और अंदाज में पेश किया गया है।

गाने के रंगीन वीडियो में गुरमीत और ईशा की केमिस्ट्री तथा ऊर्जावान प्रस्तुति देखने को मिलती है। इसकी आकर्षक धुन और डांस बीट्स इसे शादी-ब्याह के जश्न के लिए खास बनाती हैं।

अर्जुना हरजाई ने कहा कि मूल गीत की लोगों के दिलों में खास जगह है। 'विंटर औन वालिये 2.0' के जरिए उसी ऊर्जा को नए संगीत के साथ पेश करने की कोशिश की गई है, ताकि दर्शक इस पर खुलकर नाच सकें।

ईशा मालवीय ने कहा कि गाने की शूटिंग का अनुभव बेहद मजेदार रहा। रंगों, ऊर्जा और जश्न से भरे माहौल ने उन्हें शादी समारोह का हिस्सा होने का एहसास कराया। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक गाने के वीडियो का आनंद लेंगे और इसके साथ थिरकेंगे।

फिल्म 'तुम मेरे हो' में गुरमीत चौधरी, ईशा मालवीय, अनुष्का लुहार और शान आर ग्रोवर प्रमुख भूमिकाओं में हैं। गुरमीत चौधरी इस फिल्म से बतौर निर्माता अपनी शुरुआत कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण आरती एस और देबिना बनर्जी ने किया है, जबकि रोमांच मेहता और अमन रियास्ती सह-निर्माता हैं। आशीष पांडा के निर्देशन में बनी यह फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित