जालंधर , मार्च 05 -- पंजाब की स्पेशल पुलिस महानिदेशक (कम्युनिटी अफेयर्स डिवीजन और महिला कार्य) गुरप्रीत कौर दयो ने गुरुवार को जालंधर आयुक्तालय के अंतर्गत पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की जिसमें उन्होंने सरकार के विशेष अभियानों 'युद्ध नशे विरुद्ध' और 'गैंगस्टरों पर वार' की समीक्षा की और भविष्य की कार्रवाई के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किये।
बैठक में जालंधर की पुलिस आयुक्त धनप्रीत कौर, संयुक्त पुलिस आयुक्त संदीप शर्मा, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मनप्रीत सिंह ढिल्लों समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और मुख्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सुश्री दयो ने पंजाब उन्होंने कमिश्नरेट पुलिस को एक 'स्पेशल ऑपरेशन प्लान' तैयार करने के निर्देश दिये, ताकि छोटे अपराधों को जड़ से खत्म किया जा सके। सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए नाकों को हाई-टेक करने और ऑन-ड्यूटी कर्मचारियों द्वारा वॉकी-टॉकी के अनिवार्य उपयोग की बात कही। उन्होंने शिकायतों का प्रभावी निपटारा करने, सही डॉक्यूमेंटेशन बनाये रखने और थाना परिसरों को स्वच्छ व हरा-भरा रखने के निर्देश दिये।
बैठक के दौरान सुश्री दयो ने ड्यूटी के दौरान अधिकारियों को आने वाली चुनौतियों और परेशानियों पर भी चर्चा की। अधिकारियों ने अपनी कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए कंप्यूटर पेरिफेरल्स की मांग रखी, जिसे डीजीपी ने तुरंत स्वीकार करते हुए मंजूरी दे दी।
दौरे के दौरान उन्होंने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आइसीसीसी) और साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन का भी दौरा किया। कंट्रोल सेंटर के कामकाज की समीक्षा की और कर्मचारियों को काम को अधिक सुगम बनाने के सुझाव दिये। ऑनलाइन फ्रॉड के शिकार हुए पीड़ितों की शिकायतों को खुद पढ़ा और उन पर तुरंत कानूनी कार्रवाई करने के आदेश दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित