गुरदासपुर , मार्च 05 -- पंजाब के गुरदासपुर में गुरुवार को निहंग सिंह के बाणे (पहरावे) में आये पांच लुटेरों ने बंदूक की नोक पर जेल रोड स्थित एक ज्वैलर के परिवार को बंधक बना कर लगभग सात करोड़ रुपये के सोने के जेवर और नगदी लेकर फरार हो गये। लुटेरे भागते समय सीसीटीवी की डीवीआर और परिवार की गाड़ी लेकर फरार हो गये।
ज्वैलर वरुण महाजन की पत्नी नेहा महाजन ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे निहंग सिंह के बाणे में पांच लोग उनके घर आये। उस समय उनका ड्राइवर सरबजीत सिंह गाड़ियां साफ कर रहा था। लुटेरों ने ड्राइवर से बात की और जब ड्राइवर उन्हें बुलाने अंदर आया, तो सभी बदमाश घर में घुस गये। उन्होंने बताया कि इनमें से एक लुटेरे ने नेहा के सिर पर पिस्तौल लगा दिया और फिर पूरे परिवार को बंधक बना दिया। इसके बाद, लुटेरों ने परिवार के सदस्यों को अलग-अलग कमरों में बंद कर दिया। लुटेरों ने घर की सभी चाबियां ले लीं और बच्चों को जान से मारने की धमकियां दीं।
मौके पर पहुंचे पुलिस उप अधीक्षक तरजिंदर सिंह ने बताया की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंच गये। मामले की जांच शुरू कर दी गयी है। उन्होंने बताया कि परिवार के अनुसार निहंग सिंह के वेश में पांच व्यक्ति उनके घर पर आये थे, जिन्होंने इस लूट की वारदात को अंजाम दिया है और उनके पास हथियार भी थे। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लुटेरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित