रांची , मई 15 -- झारखंड के गुमला जिले के सीलम स्थित रिमांड होम से शुक्रवार की सुबह तीन किशोर फरार हो गए, जिससे प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
घटना के बाद पुलिस ने जिलेभर में अलर्ट जारी कर किशोरों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब छह बजे तीनों किशोरों ने रिमांड होम से भागने की योजना बनाई। उन्होंने चादरों को जोड़कर रस्सी बनाई और उसे दीवार पर लगे लोहे के एंगल में फंसा दिया। इसके सहारे वे ऊंची दीवार फांदकर फरार होने में सफल रहे।
फरार किशोरों की पहचान दो लोहरदगा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि एक किशोर घाघरा क्षेत्र का रहने वाला है। घटना की जानकारी मिलते ही रिमांड होम प्रशासन ने स्थानीय पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद आसपास के थाना क्षेत्रों को सतर्क कर दिया गया।
पुलिस विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और फरार किशोरों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है।
वहीं, इस घटना ने रिमांड होम की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है और सुरक्षा में हुई चूक की भी पड़ताल की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित