रांची , अक्टूबर 23 -- झारखंड के गुमला जिले में पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जोनल कमांडर विश्राम कोंगाड़ी उर्फ मोटा उर्फ सुकड़ा समेत चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्टल, एक देसी बंदूक, दो पिस्टल मैगजीन, सात कारतूस, एक खोखा, एक देसी कट्टा और छह प्रतिबंधित उग्रवादी पर्चे बरामद किए हैं। इसके अलावा चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक गुमला को गुप्त सूचना मिली थी कि पीएलएफआई का जोनल कमांडर अपने दस्ते के साथ कामडारा थाना क्षेत्र के बोंगदा गांव के आसपास किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के सत्यापन के बाद बसिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव शंकर मरांडी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

टीम ने अभियान चलाकर चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में विश्राम कोंगाड़ी उर्फ मोटा उर्फ सुकड़ा , अमर सुरिन, एतवा कोंगाड़ी उर्फ एतवा मास्टर और अपित टोपनो उर्फ बेंदा शामिल हैं। विश्राम कोंगाड़ी पीएलएफआई का जोनल कमांडर है, जबकि अन्य तीन संगठन के सदस्य हैं।

गिरफ्तार जोनल कमांडर और उसके दस्ते का गुमला, सिमडेगा, खूंटी समेत अन्य जिलों में आपराधिक इतिहास रहा है।

गुमला पुलिस ने कहा कि प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन की गतिविधियों पर अंकुश लगाने, लेवी वसूली और धमकी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उग्रवादी गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित