चंदौली , सितंबर 14 -- उत्तर प्रदेश के चंदौली में बिहार में अवैध रूप से शराब खपाने की कोशिश कर रहे तस्करों के खिलाफ कन्दवा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने कार्रवाई करते हुए 12 चक्का ट्रक से 147 पेटी शराब और बीयर बरामद की है।

पुलिस के अनुसार बरामद शराब की कुल मात्रा 1,354.8 लीटर और अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 14 सितंबर की रात करीब 2.18 बजे कन्दवा थाना के सामने बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान कन्दवा की ओर से आ रहे ट्रक का चालक पुलिस को देखकर अचानक कतार से हटकर यू-टर्न लेकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान ट्रक के डाले में लोहे की चादर के नीचे विशेष रूप से बनाया गया गुप्त चैम्बर मिला, जिसमें शराब छिपाकर रखी गयी थी। चैम्बर से ब्लेंडर्स प्राइड, 8 पीएम, ब्ल्यू लाइम देशी शराब और किंगफिशर एक्स्ट्रा स्पेशल स्ट्रांग बीयर समेत 147 पेटियां बरामद हुईं। चालक के कब्जे से एक हजार रुपये नकद और नोकिया का की-पैड मोबाइल भी मिला।

गिरफ्तार चालक रिंकू चौहान (38), निवासी हिनौता, थाना अहरौरा, मिर्जापुर ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह चंदौली क्षेत्र की शराब दुकानों से शराब लेकर ट्रक के गुप्त चैम्बर में छिपाता था और उसे बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचता था। उसके अनुसार इस कारोबार से होने वाले मुनाफे को ट्रक मालिक, शराब दुकान के सेल्समैन समेत अन्य लोगों के बीच बांटा जाता था।

पुलिस ने ट्रक को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है। मामले में कन्दवा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 77/2026 के तहत धारा 60/63 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित